जीवनी शक्ति बढ़ाता है आयुर्वेद

आयुर्वेद का आश्रय प्राप्त करने पर यशस्वी दीर्घ जीवन पाया जा सकता है। आयुर्वेद जीवनी शक्ति को सिंचने और आयु की अभिवृद्धि वाला है। इसे अपनाने से रोगों की समूल समाप्ति हो सकती है। आयुर्वेद शरीर और मन से लेकर दैहिक, दैविक और भौतिक तमाम प्रकार के संतापों को हरने वाली पद्धति है जिसकी ओर विदेशों में खूब काम हो रहा है और लोकप्रियता का ग्राफ निरन्तर बढ़ता जा रहा है। अपनी इस परम्परागत भारतीय पद्धति को आत्मसात करने और इसे जीवन में अंगीकार करते हुए घर-परिवार से लेकर समाज और राष्ट्र तक को सबल और समृद्ध बनाया जा सकता है।
नैसर्गिक उत्पादों को काम में लाने की आज आवश्यकता है। जो वनस्पति ताजी होती है उसका सेवन करने से शरीर को प्रभावी ताकत मिलती है और रोगों से लड़ने की क्षमता कई गुना बढ़ जाती है। जड़ी-बूटियों के गुणों के बारे में जानने, इनकी पहचान और उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त करना आज बहुत जरूरी हो चला है। हम सभी को यह संकल्प लेने की आवश्यकता है कि अपने जीवन में इन वनस्पतियों का उपयोग करें। जैविक खाद से उत्पन्न मौलिक धान्यादि का प्रयोग ही हमें जीवनामृत दे सकता है। वनस्पतियों तथा औषधियों का ज्योतिषीय महत्व भी कोई कम नहीं है। इन्हें अपना कर जीवन को नई दिशा-दृष्टि प्रदान की जा सकती है।
